
Patna: बिहार की राजधानी पटना समेत देश- दुनिया में लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा बिखर गई है।

चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के दूसरे दिन शनिवार, को श्रद्धालुओं ने खरना किया। छठ पर्व में खरना का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है।

व्रती आज पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को पारंपरिक विधि-विधान से गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण की।
खरना का प्रसाद परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों में भी वितरित किया गया। मान्यता है कि खरना का प्रसाद ग्रहण करना शुभ होता है। इस परंपरा के माध्यम से परिवार और समाज के बीच आपसी प्रेम, सद्भाव और सामूहिकता की भावना भी मजबूत होती है।

इसके साथ ही लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत की शुरुआत हो गई है। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा। आस्था, संयम, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देने वाला यह पर्व भारतीय लोकसंस्कृति की विशिष्ट पहचान है।


